संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 17 अक्टूबर को मगहर हाईवे पर डीघा बाईपास के पास एक डीसीएम ट्रक से 220 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ट्रक में 115 पेटी सेब भी लदे थे। बरामद शराब उत्तराखंड निर्मित बताई गई है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 1,964.88 लीटर है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी आकाश कुमार जाटव और बिहार के सिवान निवासी अनुप चौहान के रूप में हुई है। बरामदगी में डीसीएम ट्रक, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद भी शामिल हैं। मामले में कोतवाली खलीलाबाद में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने शराब और सेब की खेप हरियाणा से सिलीगुड़ी ले जाने के लिए किराये पर ट्रक चलाने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कथित रूप से शामिल ‘यादव जी’ और ‘बुलट यादव’ की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। हालांकि, शराब की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और इसके अंतिम खरीदारों की पहचान सामने आना जांच की अहम कड़ी होगी। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment