- मिशन शक्ति-6.0 के तहत महिला थाने में पहल, छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और पुलिस की कार्यप्रणाली की दी गई जानकारी
Report by- Mohammad Sayeed Pathan Editor Mission Sandesh
संतकबीरनगर,। बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की समझ विकसित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को महिला थाने में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बघौली की कक्षा छह की छात्रा प्रतिभा को एक दिन के लिए थाना प्रभारी की भूमिका निभाने का अवसर दिया गया। इस दौरान विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी थाने का भ्रमण कराकर पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को कंप्यूटर के माध्यम से साइबर अपराधों की जानकारी दी गई और उनसे बचाव के तरीके बताए गए। इसके साथ ही पुलिस के शस्त्र, विशेष रूप से रायफल के बारे में जानकारी देकर पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था से अवगत कराया गया।
महिला थानाध्यक्ष पूनम मौर्य सहित पुलिसकर्मियों और विद्यालय के शिक्षकों की मौजूदगी में हुई इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा और नेतृत्व की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
हालांकि, बालिकाओं में वास्तविक आत्मविश्वास और सुरक्षा की समझ विकसित करने के लिए ऐसे आयोजन नियमित रूप से होना जरूरी है। साइबर सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और संकट के समय पुलिस से संपर्क करने जैसे व्यावहारिक विषयों की जानकारी भी उन्हें लगातार दी जानी चाहिए, ताकि कार्यक्रम का लाभ उनके दैनिक जीवन में दिखाई दे सके।

Post a Comment