Top News

संतकबीरनगर रोजगार मेले में 867 अभ्यर्थियों ने आजमाई किस्मत, 412 का हुआ चयन; नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे

हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेला एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को डिग्री के साथ तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल विकसित करने की दी गई सीख

Report by- Mohammad Sayeed Pathan Editor 

संतकबीरनगर,। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला सेवायोजन कार्यालय और हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय की संयुक्त पहल पर मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेले में करीब 867 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर रोजगार की संभावनाएं तलाशीं, जिनमें से 412 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं के लिए यह आयोजन उम्मीद और अवसर का मंच बना। हालांकि, 867 प्रतिभागियों में से 412 का चयन होने का आंकड़ा जहां रोजगार मेले की उपलब्धि को दर्शाता है, वहीं शेष अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसरों का विस्तार करने की आवश्यकता भी रेखांकित करता है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि भारत विश्व के सबसे युवा देशों में शामिल है और युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है। लेकिन केवल शैक्षणिक डिग्री हासिल कर लेना रोजगार की गारंटी नहीं है। वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विषयगत ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, तकनीकी दक्षता, संवाद क्षमता, अनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण और निर्णय लेने की क्षमता भी आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि शैक्षिक महासंघ के संरक्षक प्रो. विजय राय ने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा, तकनीकी विकास और वैश्वीकरण का दौर है। युवाओं के सामने अवसरों की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत उन अवसरों को पहचानने, उनके अनुरूप स्वयं को तैयार करने और उनका लाभ उठाने की है।

महाविद्यालय के प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. विजय कुमार मिश्र ने युवाओं को रोजगार के प्रति व्यापक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रोजगार को केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि युवाओं को अपने भीतर उद्यमशीलता और रोजगार सृजन की भावना भी विकसित करनी चाहिए। स्टार्टअप, डिजिटल तकनीक, स्वरोजगार, कृषि आधारित उद्योग, सेवा क्षेत्र और नए व्यवसायों में युवाओं के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय प्रकाश त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला सेवायोजन अधिकारी माधवी उपाध्याय ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. नेहा सिंह, डॉ. दीप्शी सिंह, डॉ. श्रवण गुप्ता, विन्देश्वर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, महाविद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

चयन के आंकड़ों से आगे भी जरूरी है रोजगार की वास्तविक तस्वीर

रोजगार मेले में 412 अभ्यर्थियों का चयन निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन रोजगार की सफलता का मूल्यांकन केवल चयनित अभ्यर्थियों की संख्या से नहीं किया जा सकता। यह भी देखना जरूरी है कि चयनित युवाओं को किस कंपनी में, किस पद पर, कितने वेतन पर और किस कार्यक्षेत्र में अवसर मिला है।

इसके साथ ही यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि प्रारंभिक चयन के बाद कितने युवाओं को वास्तव में नौकरी ज्वाइन करने का अवसर मिलता है और कितने अभ्यर्थी लंबे समय तक उस रोजगार से जुड़े रह पाते हैं। रोजगार मेले के आयोजकों की ओर से कंपनीवार चयन, वेतनमान, कार्यस्थल और ज्वाइनिंग की विस्तृत जानकारी साझा की जाती है तो इस पहल की वास्तविक उपयोगिता का बेहतर आकलन हो सकेगा।


जिले में बड़ी संख्या में शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में हैं। ऐसे में जरूरत केवल एक दिवसीय रोजगार मेले के आयोजन की नहीं, बल्कि नियमित प्लेसमेंट, कौशल प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और चयनित अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग तक निगरानी की भी है।

रोजगार मेले की असली सफलता तब मानी जाएगी, जब नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को वास्तविक नौकरी मिले, उन्हें सम्मानजनक वेतन और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध हो तथा रोजगार की तलाश में भटक रहे अन्य युवाओं के लिए भी अवसरों के नए रास्ते खुलें।**


Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh