Top News

Santkabir Nagar News: आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा से समझौता नहीं, अग्निशमन विभाग ने लाइसेंस धारकों को दिए कड़े निर्देश

आतिशबाजी के दुकानदारों से बातचित करते अग्निशमन अधिकारी 

पटाखा दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, बालू की बाल्टियां और पानी का इंतजाम अनिवार्य; भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर दुकानें लगाने की हिदायत

Report by- Mohammad Sayeed Pathan 

संतकबीरनगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पटाखों की बिक्री के दौरान संभावित अग्निकांड और अन्य दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशोक यादव ने जिले के सभी अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस धारकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि आतिशबाजी की दुकानें केवल निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही संचालित की जाएंगी। प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान पर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टियां, पानी का भंडारण और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने होंगे। अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना दुकान संचालन नहीं करने की हिदायत भी दी गई।

अग्निशमन अधिकारी ने लाइसेंस धारकों को निर्देशित किया कि दुकानें भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर और निर्धारित सुरक्षित दूरी पर स्थापित की जाएं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा निर्देशों के साथ निगरानी भी जरूरी

त्योहारों के दौरान आतिशबाजी की दुकानों पर भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पटाखों के भंडारण, बिक्री और रखरखाव में निर्धारित मानकों का पालन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि दुकानदारों और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।

हालांकि बैठक में दिए गए निर्देश तभी प्रभावी साबित होंगे, जब विभागीय स्तर पर दुकानों की नियमित जांच और मौके पर सुरक्षा इंतजामों का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की जिम्मेदारी केवल निर्देश जारी करने तक सीमित नहीं, बल्कि उनका धरातल पर पालन कराने की भी है।

अग्निशमन विभाग का उद्देश्य आगामी पर्वों को सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना और आतिशबाजी के कारण होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। अब देखना होगा कि दुकानदार सुरक्षा निर्देशों का कितना पालन करते हैं और विभागीय निगरानी कितनी प्रभावी रहती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh