Mission Sandesh desk
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के गोलाबाजार निवासी दीक्षा कसौधन ने बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जज के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से जहां परिवार में हर्ष का माहौल है, वहीं पूरे कसौधन समाज और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।
*जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने दी शुभकामनाएं*
दीक्षा की इस शानदार उपलब्धि पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा है। दीक्षा ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
*शिक्षा और संघर्ष की कहानी*
दीक्षा कसौधन के पिता कृष्ण देव कसौधन गोलाबाजार में बर्तन स्टोर संचालित करते हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा खलीलाबाद के गन्ना विकास विद्यालय से हुई, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय, नाथनगर से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी और एलएलएम की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद में रहकर न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी की।
वर्तमान में गोण्डा न्यायालय में APO पद पर तैनात
दीक्षा वर्तमान में गोण्डा न्यायालय में सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया है।
*परिवार में खुशी का माहौल*
दीक्षा की इस उपलब्धि से उनके पिता कृष्ण देव कसौधन, माता कुसुम देवी और बहनें डॉ. कृष्णा गुप्ता, डॉ. स्नेहलता, रजनी कसौधन, शैली कसौधन समेत पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटी और उनकी सफलता पर गर्व जताया।
*प्रेरणा बनीं दीक्षा*
दीक्षा कसौधन की सफलता ने यह संदेश दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनकी उपलब्धि संतकबीरनगर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है।