15 दिवसीय निःशुल्क मेहंदी प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 25 बेटियों ने हुनर से बटोरीं सराहनाएं
ऋषिकेश। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा माया कुंड सामुदायिक भवन, ऋषिकेश में आयोजित 15 दिवसीय निःशुल्क मेहंदी प्रशिक्षण शिविर का समापन गरिमामय समारोह के साथ हुआ। शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 25 महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और उत्कृष्ट मेहंदी कला का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक और बारीक मेहंदी डिजाइनों की प्रदर्शनी लगाई गई। पारंपरिक से लेकर आधुनिक शैली की कलात्मक डिजाइनों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को प्रभावित किया। बेटियों की मेहनत, लगन और सृजनात्मकता को देखकर सभी ने उनकी खुले दिल से प्रशंसा की।
शिविर में सुश्री वैष्णवी, सुश्री दिशा और सुश्री अनिशा ने प्रशिक्षिका के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने मेहंदी कला की विभिन्न तकनीकों और डिजाइनों का प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और कौशल का विकास हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि श्री बच्चन पोखरियाल तथा विशिष्ट अतिथि सुश्री अरुणा वशिष्ठ, श्रीमती रिनी अग्रवाल, श्री मनोज गुप्ता और डॉ. विवेक उपस्थित रहे। इसके अलावा श्रीमती शिखा पाल, श्रीमती अंजना, श्रीमती लक्ष्मी एवं ट्रस्ट की सह-संस्थापक सुश्री नूपुर गोयल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर सभी 25 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रशिक्षण देने वाली प्रशिक्षिकाओं को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान राशि भेंट की गई। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि महिलाओं और बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक महिलाएं कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़ सकें।
नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह पहल नारी सशक्तिकरण और कौशल विकास की दिशा में एक सार्थक प्रयास मानी जा रही है, जो बेटियों को आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी नई पहचान प्रदान कर रही है।

Comments
Post a Comment