हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू भी बरामद
Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan
संतकबीरनगर। एक महीने पहले पारिवारिक विवाद के दौरान हुए खूनी हमले के मामले में दुधारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के आरोप में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना दुधारा पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा के नेतृत्व में गठित टीम ने वांछित आरोपी वसीउल्लाह पुत्र हकीमुल्लाह, निवासी दानोकुईया, थाना दुधारा को रक्शा कला के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर दानोकुईया गांव से घटना में प्रयुक्त एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
क्या था मामला?
पुलिस के मुताबिक, 21 जून 2026 को हकीमुल्लाह ने थाना दुधारा में तहरीर देकर बताया था कि उसके दोनों बेटे हफीजुल्लाह और वसीउल्लाह आपसी विवाद में उलझ गए थे। आरोप है कि इसी दौरान वसीउल्लाह ने जान से मारने की नीयत से अपने भाई हफीजुल्लाह पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी।
करीब एक महीने की तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मोतीलाल यादव और कांस्टेबल राधेश्याम गिरि शामिल रहे।

Post a Comment