Top News

पटेल हॉस्पिटल के सामने सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल, सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल


(Report D. Kumar- edited by-Mohammad Sayeed)

संतकबीरनगर। जिले के खलीलाबाद-बस्ती मार्ग पर रविवार सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला सामने आया। पटेल हॉस्पिटल के सामने लगभग 10:20 बजे एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल की पहचान सुधाकर पुत्र राम लौट, निवासी ग्राम पिपरा कला के रूप में हुई है। टक्कर लगने के बाद वह सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य रही और मार्ग पर किसी प्रकार का जाम नहीं लगा।

हालांकि यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि खलीलाबाद-बस्ती मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है? व्यस्त मार्ग होने के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की व्यवस्था पर्याप्त दिखाई नहीं देती। यदि दुर्घटना करने वाले वाहन की शीघ्र पहचान नहीं होती है, तो ऐसे मामलों में पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी होना स्वाभाविक है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल और बाजार क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की आवश्यकता है। इससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। उम्मीद की जा रही है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाकर जिम्मेदार चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh