बोले- वादों की राजनीति नहीं, विकास के काम करूंगा; विधायक बना तो एक पैर लखनऊ और दूसरा बस्ती सदर में रहेगा, 24 घंटे जनता के बीच रहूंगा
Report -Mission Sandesh Digital News
बस्ती। विधानसभा चुनाव 2027 की राजनीतिक सरगर्मियों के बीच बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र-310 में भावी विधायक प्रत्याशी राकेश चतुर्वेदी ने विकास के मुद्दों को लेकर अपनी दावेदारी तेज कर दी है। उन्होंने चुनावी वादों से आगे बढ़कर क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान का दावा करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ विधायक बनना नहीं, बल्कि बस्ती सदर की तस्वीर बदलना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, "मुझे वादे नहीं करने, काम करना है। बस्ती सदर का सूरत बदलना मेरा संकल्प है।"
राकेश चतुर्वेदी ने अपने राजनीतिक एजेंडे में ओवरब्रिज, सीवर व्यवस्था, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया है। उनका कहना है कि बस्ती सदर में विकास की चर्चा तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को जलभराव, गंदगी, खराब सड़कों और रोजगार के अभाव जैसी समस्याओं से वास्तविक राहत मिलेगी।
जलभराव और सीवर समस्या पर जताई चिंता
राकेश चतुर्वेदी ने क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि थोड़ी सी बारिश में ही कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। सीवर व्यवस्था का अभाव और जगह-जगह फैली गंदगी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उनका दावा है कि जलनिकासी और सीवर व्यवस्था दुरुस्त होने से गंदगी तथा मच्छरों के प्रकोप को कम करने में मदद मिलेगी, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
युवाओं को रोजगार और शिक्षा को देंगे प्राथमिकता
बेरोजगारी को क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों में गिनाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उनका मानना है कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र की वास्तविक मजबूती उसके युवाओं के भविष्य और रोजगार के अवसरों से तय होती है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा की सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
फॉर्च्यूनर में बैठकर जनता से दूरी बनाना मकसद नहीं
अपने संबोधन में राकेश चतुर्वेदी ने राजनीतिक प्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि विधायक बनकर फॉर्च्यूनर गाड़ी में शीशा बंद करके चलना उनका शौक नहीं है। उनका उद्देश्य पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बहाना है। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें प्रतिनिधित्व का अवसर दिया तो उनका एक पैर लखनऊ में और दूसरा बस्ती सदर में रहेगा। वह 24 घंटे जनता के बीच रहकर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का प्रयास करेंगे।
सदन में उठाएंगे बस्ती सदर की आवाज
राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि विधायक बनने के बाद विधानसभा सदन में बस्ती सदर की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। क्षेत्र के सुंदरीकरण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
उन्होंने जनता के आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक सोच केवल एक बार विधायक बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच ऐसा काम करना है कि हर बार चुनाव में जनता का विश्वास और समर्थन हासिल हो।
बहरहाल, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राकेश चतुर्वेदी के इस बयान को उनकी राजनीतिक दावेदारी और चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, चुनावी नारों और विकास के दावों की असली परीक्षा जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता, ठोस कार्ययोजना और समस्याओं के समाधान के व्यावहारिक रोडमैप से होगी। बस्ती सदर की जनता भी रोजगार, जलनिकासी, सीवर, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर बदलाव की अपेक्षा रखती है। अब देखना होगा कि राकेश चतुर्वेदी का विकास का यह संकल्प आगामी चुनावी मुकाबले में कितना प्रभाव छोड़ता है।

Post a Comment