संतकबीरनगर में 50 प्रतिशत से ज्यादा महिलाओं में पाई गई खून की कमी-:राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-
*एनीमिया से बचाना है, तो आयरन गोली खाना है.. नारे के साथ निकली जागरुकता रैली*
- एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत निकाली गई जिला स्तरीय जागरुकता रैली
- विधायक जय चौबे ने दिखाई हरी झण्डी, जागरुकता के लिए खुद भी चले 3 किमी
*संतकबीरनगर, 31 जनवरी 2020,*
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय जागरुकता रैली निकाली गई। इसी के साथ जिले में एनीमिया मुक्त भारत अभियान का शुभारम्भ हो गया। खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे ने हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। यही नहीं अभियान के प्रति जागरुकता पैदा करने के लिए वह खुद भी रैली के साथ 3 किलोमीटर तक चले। उन्हें पैदल चलते देख सड़क पर चल रहे लोग भी उनके साथ कदम मिलाकर चलने लगे।
जिला मुख्यालय स्थित हीरालाल रामनिवास इण्टर कालेज से स्काउट / गाइड तथा बैण्ड के साथ निकाली गई इस रैली को विधायक जय चौबे, सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने रवाना किया। यह रैली गोलाबाजार, मुखलिसपुर चौराहा, तहसील, बैंक चौराहा होते हुए वापस एचआर इण्टर कालेज में समाप्त हुई। रैली में शामिल बालिकाओं और किशोरियों ने एनीमिया से मुक्ति को लेकर विविध प्रकार के जागरुकता सम्बन्धी नारे लगाए। लोगों को एनीमिया से मुक्ति के लिए पम्पलेट भी वितरित किए गए। जागरुकता रैली में शामिल स्काउट गाइड ट्रेनर नाजिया खातून बताती हैं कि एनीमिया किशोरियों की आम समस्या बन चुकी है। इसे दूर करने की जरुरत है। वहीं पोषण सखी सीमा कहती हैं कि जब हमारे खून में हीमोग्लोबीन की की कमी होती है तो कई बीमारियां घेर लेती हैं।
जागरुकता रैली के दौरान सीएमओ के अलावा एसीएमओ आरसीएच तथा एनीमिया मुक्त भारत अभियान के नोडल डॉ मोहन झा, प्रभारी सीडीपीओ उषा मगहिया, सुपरवाइजर नीना श्रीवास्तव, पोषण सखी सीमा, जिला कुष्ठ रोग अधिकारी व सीएचसी खलीलाबाद के अधीक्षक डॉ वी पी पाण्डेय, सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के समन्वयक दीनदयाल वर्मा, सहायक मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस रहमान, क्वालिटी एश्योरेन्स मैनेजर डॉ अबू बकर, एपीडेमियोलाजिस्ट डॉ मुबारक अली, यूनीसेफ के प्रतिनिधि बेलाल अनवर, डॉ जगदीश, मनीष मिश्रा, बीपीएम अभय त्रिपाठी, एचआर इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।
*हर इण्डियन का फिट रहना जरुरी – जय चौबे*
विधायक ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी जी ने फिट इण्डिया का नारा दिया है। उनकी यह सोच है कि पूरे देश को स्वस्थ किया जाय। अगर हमारी युवा पीढ़ी ही स्वस्थ नहीं होगी तो आने वाली पीढि़यां भी स्वस्थ होंगी। स्वस्थ युवा और स्वस्थ जननी का देश के उत्थान में बहुत बड़ा योगदान होता है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान को सभी लोग समझें तथा इसको समाप्त करें।
*31 मार्च तक चलाया जाएगा आईईसी अभियान*
एनीमिया मुक्त अभियान के नोडल अधिकारी ने बताया कि सभी आयु वर्गों में एनीमिया में कमी लाने के लिए उपलब्ध आयरन सिरप और गोली के साथ इसके प्रति जागरूकता लाना बहुत जरूरी है। एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ही 31 मार्च 2020 तक आईईसी (व्यापक प्रचार-प्रसार) अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान गर्भ से लेकर 19 वर्ष तक के किशोर किशोरियों को ध्यान में रखकर उसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
*जिले में 50.4 प्रतिशत महिलाओं में खून की कमी*
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा बताते हैं कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे- 4 के अनुसार संतकबीरनगर जनपद में 15 से 49 वर्ष की लगभग 50.4 प्रतिशत महिलाएं खून की कमी से ग्रसित हैं, वहीं 6 से 59 माह के लगभग 69.1 प्रतिशत बच्चे खून की कमी से जूझ रहे है। वहीं 15-49 वर्ष की लगभग 50.9 फीसद महिलाएं एनीमिया से ग्रसित हैं । 15-49 वर्ष की लगभग 50.1 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं खून की कमी से ग्रसित हैं। हलांकि इसमें कमी आई है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक आकड़ा सामने नहीं आया है।
*चित्र परिचय –*
1 - संतकबीरनगर जिला मुख्यालय के एचआर इण्टर कालेज से एनीमिया मुक्त भारत रैली को झण्डी दिखाकर रवाना करते हुए खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे
2- संतकबीरनगर जिला मुख्यालय के एचआर इण्टर कालेज से निकाली गई एनीमिया मुक्त भारत रैली में शामिल जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, चिकित्सक तथा चिकित्साकर्मी व आमजन
3 - रैली के दौरान लोगों को जागरुक करती हुई किशोरियां व बालिकाएं
4 - स्काउट गाइड के बैण्ड के साथ निकाली गई रैली
Comments
Post a Comment