(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संत कबीर नगर। जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए पात्र आवेदकों के चयन और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना सहित राज्य सेक्टर की अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र मत्स्य पालकों तक समय पर पहुंचे, ताकि जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ ग्रामीणों की आय में भी वृद्धि हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, चयन प्रक्रिया तथा क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन मत्स्य पालक विकास अभिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सदस्य-सचिव द्वारा किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार सिंह, लीड बैंक अधिकारी पवन कुमार सिन्हा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य पालक विकास अभिकरण तथा जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विशेष:
बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि मत्स्य विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में मत्स्य उत्पादन को नई गति मिलेगी तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ किसानों और मत्स्य पालकों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी।

إرسال تعليق