(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के काफिले एवं कार्यक्रम से छेड़छाड़ की सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित खबरों को जांच में असत्य पाया गया है। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि जिस घटना को मंत्री के काफिले से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा था, उसका उनके कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं था।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को हुई घटना में एक कार और बाइक के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दुर्घटना का कैबिनेट मंत्री के काफिले या उनके कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है। साथ ही, मंत्री के काफिले के साथ छेड़छाड़ किए जाने संबंधी सूचना भी पूरी तरह निराधार और भ्रामक पाई गई।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद ने आधिकारिक बयान जारी कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद यह पुष्टि हुई है कि मंत्री के काफिले से छेड़छाड़ की खबर तथ्यहीन है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना से संबंधित अपुष्ट या भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी को ही प्रमाणिक मानें।

Post a Comment