Top News

'साथ-साथ कार्यक्रम' से जुड़ते रिश्ते: पिंक बूथ की पहल से पांच बिखरते परिवारों में लौटी खुशियां


(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में संचालित 'साथ-साथ कार्यक्रम' के तहत पिंक बूथ, सर्किल खलीलाबाद स्थित परिवार परामर्श केंद्र ने रविवार को पांच पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक समाधान कराया। संवाद, काउंसलिंग और आपसी सहमति के माध्यम से टूटने की कगार पर पहुंचे पांच परिवारों को फिर से एकजुट कर नई शुरुआत का अवसर दिया गया।

पिंक बूथ प्रभारी सुमन मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित परामर्श सत्र में काउंसलर रिफातुल्लाह अंसारी, प्रमोद त्रिपाठी तथा महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पांच मामलों की सुनवाई की गई। प्रत्येक मामले में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे वैचारिक मतभेदों और पारिवारिक विवादों को गंभीरता से सुना गया। धैर्यपूर्ण काउंसलिंग और सकारात्मक संवाद के बाद सभी दंपति आपसी सहमति से अपने मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने को तैयार हो गए।


परामर्श केंद्र में महुली, खलीलाबाद, बेलहरकला और बखिरा थाना क्षेत्रों से आए मामलों का निस्तारण किया गया। पुलिस और काउंसलरों ने दोनों पक्षों को पारिवारिक जीवन में संवाद, विश्वास और आपसी सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया, जिसके बाद सभी मामलों में सौहार्दपूर्ण समझौता हो गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित 'साथ-साथ कार्यक्रम' का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि बिखरते परिवारों को टूटने से बचाकर सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करना है। यह पहल अदालतों तक पहुंचने वाले कई पारिवारिक मामलों को आपसी समझ और सहमति से सुलझाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।


एक ही दिन में पांच परिवारों का पुनर्मिलन इस बात का प्रमाण है कि संवेदनशील काउंसलिंग, सकारात्मक संवाद और पुलिस की मानवीय पहल कई टूटते रिश्तों को नई दिशा दे सकती है। मिशन शक्ति के अंतर्गत चलाया जा रहा यह अभियान समाज में पारिवारिक सौहार्द और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume