(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खलीलाबाद बायपास स्थित कई ढाबों और रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण कर संचालकों को स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने चौरसिया ढाबा, देसी जायका, सिंह ढाबा, भुक्खड़ नाथ रेस्टोरेंट एंड ढाबा, न्यू फैमिली ढाबा एंड रेस्टोरेंट, बिट्टू चिकन बिरयानी, यादव भोजनालय, मद्धेशिया भोजनालय और ओम ढाबा/रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रसोई और भोजन तैयार करने की व्यवस्था का जायजा लेते हुए साफ-सफाई बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में मीट एवं मछली का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने, ग्राहकों के लिए रेट लिस्ट प्रदर्शित करने तथा खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर चस्पा करने के निर्देश दिए।
टीम ने सभी प्रतिष्ठानों पर फूड कनेक्टिविटी ऐप से संबंधित सूचना भी चस्पा कराई, ताकि उपभोक्ता खाद्य गुणवत्ता अथवा स्वच्छता संबंधी शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचा सकें।
हालांकि निरीक्षण अभियान प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है, लेकिन यह सवाल भी उठता है कि यदि इतने निर्देश एक साथ देने पड़े, तो क्या अब तक इन प्रतिष्ठानों में नियमित निगरानी और मानकों के अनुपालन की प्रभावी व्यवस्था नहीं थी? त्योहारों और भीड़भाड़ के समय ऐसे निरीक्षण अधिक दिखाई देते हैं, जबकि खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सालभर नियमित जांच और खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच ही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने वाले ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों के विरुद्ध सक्षम न्यायालय में वाद दायर कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 सतीश कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डी.के. राय तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार और सच्चिदानंद सहित विभागीय टीम मौजूद रही।


Post a Comment