रिपोर्ट -मोहम्मद सईद पठान चीफ एडिटर मिशन संदेश
संतकबीर नगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड में संतकबीरनगर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने मामले में वांछित एक और अभियुक्त दीपक यादव उर्फ दीपू को छपिया गांव के मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में अब तक पुलिस मुठभेड़ में घायल एक अभियुक्त सहित कुल 12 वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को मेंहदावल थाना क्षेत्र के ग्राम जमोहरा में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। आरोप है कि पूर्व नियोजित तरीके से एकराय होकर कुछ लोगों ने गांव के बाहर सीवान में खेत की जुताई कर रहे प्रहलाद यादव पुत्र राजकुमार यादव, रामकेश यादव पुत्र फेकू यादव, सहसराम यादव पुत्र सुमेर यादव और घनश्याम यादव पुत्र सुभग यादव पर लाठी-डंडे, बल्लम, फरसा और अवैध असलहों से हमला कर दिया था। इस हमले में प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की मौत हो गई थी, जबकि सहसराम यादव और घनश्याम यादव गंभीर रूप से घायल हुए थे।
घटना के बाद मेंहदावल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 469/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।
इसी अभियान के तहत पुलिस ने दीपक यादव उर्फ दीपू पुत्र रवीन्द्र यादव निवासी ग्राम महुँअवा जमोहरा, थाना मेंहदावल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल रामाज्ञा सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक हरेन्द्र चौहान के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा की गई।
"12 गिरफ्तारियां, लेकिन शेष आरोपियों की तलाश अभी बाकी"
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोहरे हत्याकांड में अब तक 12 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि, शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इस कार्रवाई में मेंहदावल पुलिस टीम के कांस्टेबल अनुराग कुमार सिंह, विशाल निषाद तथा सर्विलांस टीम के कांस्टेबल अमरजीत मौर्य, पीयूष गुप्ता और नितीश कुमार शामिल रहे।
सवाल अभी बाकी हैं: जमोहरा का दोहरा हत्याकांड केवल दो लोगों की जान जाने की घटना नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश से उपजे हिंसक टकराव और ग्रामीण क्षेत्र में कानून व्यवस्था की गंभीर चुनौती को भी सामने लाता है। पुलिस की लगातार गिरफ्तारियां कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, लेकिन इस मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और घायलों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया भी उतनी ही अहम है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि पुलिस फरार आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम की जांच को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाती है।

Post a Comment