Top News

Santkabir Nagar: एसपी संदीप कुमार मीना ने किया पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र का बंटवारा, तीनों सर्किलों सहित महत्वपूर्ण शाखाओं की सौंपी जिम्मेदारी

खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा सर्किल के पर्यवेक्षण की अलग-अलग जिम्मेदारी तय; पुलिस कार्यालय, यातायात, साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और अन्य शाखाओं की निगरानी भी अधिकारियों के जिम्मे

Report by- Mohammad Sayeed Pathan Editor 

संतकबीरनगर। जनपद में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र एवं दायित्वों का निर्धारण किया है। जारी कार्यविभाजन के तहत तीनों क्षेत्राधिकारियों के सर्किल की जिम्मेदारियां निर्धारित करने के साथ ही पुलिस विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं के पर्यवेक्षण का दायित्व भी अधिकारियों को सौंपा गया है।

जारी आदेश के अनुसार, अभयनाथ मिश्रा को क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद एवं आंकिक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पर्यवेक्षण में कोतवाली खलीलाबाद, थाना खलीलाबाद, दुधारा और महिला थाना आएंगे। इसके अतिरिक्त व्यापारी सुरक्षा, उद्योग बंधु सुरक्षा, मगहर सुरक्षा, न्यायालय सुरक्षा, वीआईपी एवं वीवीआईपी सेल, अभियोजन तथा आंकिक एवं ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण और पर्यवेक्षण का दायित्व भी उन्हें सौंपा गया है। उनका मुख्यालय खलीलाबाद निर्धारित किया गया है, जहां वे रात्रि प्रवास करेंगे। उनके लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी मेंहदावल होंगे।

इसी क्रम में सर्व दवन सिंह को क्षेत्राधिकारी मेंहदावल बनाया गया है। उनके जिम्मे मेंहदावल सर्किल के थाना मेंहदावल, बखिरा, धर्मसिंहवा और बेलहरकला का पर्यवेक्षण रहेगा। उन्हें अपने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य शासकीय कार्यों के संपादन की जिम्मेदारी दी गई है। उनका मुख्यालय मेंहदावल होगा और लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद रहेंगे।

वहीं, अरुण कुमार चौरसिया को क्षेत्राधिकारी लाइंस के साथ यातायात एवं पुलिस कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके कार्यक्षेत्र में चुनाव, अपराध, यूपी-112, अग्निशमन केंद्र, साइबर क्राइम, सर्विलांस, यातायात, साइबर सेल, पुलिस कार्यालय के फीडबैक एवं मॉनिटरिंग सेल, ई-समन, ई-साक्ष्य, एनडीटीओ, फील्ड यूनिट, अंगूठा छाप, सीसीटीएनएस, डीसीआरबी तथा विभिन्न आयोगों से संबंधित प्रकरण शामिल हैं।

इसके अलावा लोकसभा, राज्यसभा एवं विधान परिषद से जुड़े उत्तरलेख, अभिसूचना इकाई, पासपोर्ट सेल, रिट सेल, मीडिया सेल, आईजीआरएस सेल, कोविड सेल, जनशिकायत प्रकोष्ठ, एफआईआर काउंटर, विशेष जांच प्रकोष्ठ एवं भवन, रेडियो शाखा, आरटीसी, पुलिस सब्सिडियरी कैंटीन, ड्रोन हैंडलिंग सेल, परिवहन शाखा, डब्ल्यूसीएसओ, महिला प्रकोष्ठ और मिशन शक्ति से जुड़े कार्यों का संपादन एवं पर्यवेक्षण भी उनके दायित्वों में शामिल रहेगा। उनका मुख्यालय खलीलाबाद होगा और लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद निर्धारित किए गए हैं।

इसी तरह अमित कुमार को क्षेत्राधिकारी धनघटा के साथ सहायक नोडल अधिकारी पिंक बूथ की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पर्यवेक्षण में धनघटा सर्किल के थाना महुली और धनघटा आएंगे। इसके साथ ही पिंक बूथ के कार्यों का पर्यवेक्षण भी उनके जिम्मे रहेगा। उनका मुख्यालय धनघटा निर्धारित किया गया है, जबकि लिंक अधिकारी क्षेत्राधिकारी यातायात होंगे।

जवाबदेही के साथ बेहतर पुलिसिंग की चुनौती

पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस कार्यविभाजन का महत्व केवल अधिकारियों के कार्यक्षेत्र निर्धारित करने तक सीमित नहीं है। जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पुलिस की विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी इसकी अहम मंशा दिखाई देती है।

विशेष रूप से क्षेत्राधिकारियों को थानों के पर्यवेक्षण के साथ अलग-अलग विभागीय शाखाओं की जिम्मेदारी सौंपे जाने से अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी। हालांकि, इस व्यवस्था की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि निर्धारित जिम्मेदारियों का नियमित निरीक्षण कितना प्रभावी होता है और आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का निस्तारण कितनी तत्परता तथा गुणवत्ता के साथ किया जाता है।

अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारियों के तहत पुलिस अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कितनी सक्रियता दिखाते हैं और इसका जनपद की कानून-व्यवस्था एवं आम जनता को मिलने वाली पुलिस सेवाओं पर कितना सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

मिशन संदेश | संतकबीरनगर


Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh