Report by- Mohammad Sayeed Pathan Editor
संत कबीर नगर। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान संबंधित उप जिलाधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची में संशोधन की प्रगति का जायजा लिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने बूथों पर मौजूद बीएलओ और सुपरवाइजर से फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संशोधन की प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
विधानसभा क्षेत्र 312-मेहदावल में उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बूथ संख्या 561, 312, 558, 559 और 560 सहित अन्य बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित बूथों पर सुपरवाइजर और बीएलओ मतदाता सूची तथा फार्म-6, 7 और 8 के साथ उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान बूथों पर पहुंचे लोगों के आवेदन भी भरवाए गए।
विधानसभा क्षेत्र 313-खलीलाबाद में उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी ने बूथ संख्या 350, प्राथमिक विद्यालय मीरगंज के बूथ संख्या 281, प्राथमिक विद्यालय भुजैनी के बूथ संख्या 237, प्राथमिक विद्यालय चंगेरा-मंगेरा, प्राथमिक विद्यालय चिउटना के बूथ संख्या 132 तथा बूथ संख्या 171 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजर से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 314-धनघटा (अजा) में उप जिलाधिकारी वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बूथ संख्या 314, 345, 346, 378, 380, 339, 88, 89, 90 और 91 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजर से फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली तथा अभियान की प्रगति और कार्य की गुणवत्ता परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से कोई भी पात्र नागरिक वंचित नहीं रहना चाहिए। विशेष अभियान दिवस के अतिरिक्त सामान्य दिनों में भी बीएलओ अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए पात्र मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करें और उनका समय से निस्तारण सुनिश्चित करें।
*18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के लिए जरूरी सूचना*
जिन नागरिकों की आयु अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भर सकते हैं। वहीं नाम में संशोधन या अन्य आवश्यक बदलाव के लिए निर्धारित फार्म-7 और 8 का उपयोग किया जा सकता है।
बीवीजीमतदाता सूची में शुद्धता केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक भागीदारी की बुनियाद है। इसलिए पात्र नागरिकों को भी जागरूक होकर अपने नाम का पंजीकरण सुनिश्चित करना चाहिए।



Post a Comment