Top News

नारी सशक्तीकरण की मिसाल : श्रेया बनी संतकबीरनगर की एक दिन की एसपी


रिपोर्ट - मोहम्मद सईद जर्नलिस्ट/एडिटर 

संतकबीरनगर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत बेटियों और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को एक अनोखी पहल देखने को मिली। हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा श्रेया चौधरी पुत्री हृदयराम, निवासी छोटी सरौली, थाना कोतवाली खलीलाबाद को एक दिन का पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर बनाया गया।

एसपी की भूमिका निभाते हुए श्रेया चौधरी ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधीनस्थ अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। अपनी नई जिम्मेदारी में छात्रा ने न केवल लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना बल्कि न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया।

जनसुनवाई के बाद श्रेया चौधरी ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 की मूल भावना, पुलिस की कार्यप्रणाली और महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की। छात्राओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एम्बुलेंस, 1098 चाइल्डलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी सेवाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, महिला अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए निडर होकर शिकायत दर्ज कराने का आह्वान किया। श्रेया ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस हर समय महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इस पहल ने छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य यह था कि बेटियाँ समाज में समान हिस्सेदारी निभाते हुए अपने सपनों को साकार करें और नारी शक्ति के रूप में समाज का सशक्त आधार बनें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume