फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाकर बैंकॉक पहुंचा युवक, संतकबीरनगर में मुकदमा दर्ज

(Report Mohammad Sayeed Pathan Editor)

संतकबीरनगर । जनपद में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोरखपुर निवासी एक युवक ने संतकबीरनगर के पते का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाया और बाद में बैंकॉक पहुंच गया। शिकायत के बाद हुई जांच में पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना निवासी एक व्यक्ति ने मई 2025 में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के सिधारी गांव निवासी युवक ने फर्जी नाम-पते के आधार पर कई पासपोर्ट बनवाए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने “हरिकेश कुमार” के नाम से संतकबीरनगर जिले के पते पर 26 फरवरी 2020 को पासपोर्ट जारी कराया था, जिसकी वैधता 25 फरवरी 2030 तक है। पासपोर्ट कार्यालय के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जांच की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह को सौंपी। जांच के दौरान संतकबीरनगर के कसैला गांव में “हरिकेश कुमार” नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी ऐसे किसी व्यक्ति की पहचान से इनकार कर दिया।

इसके बाद जांच टीम ने गोरखपुर के सिधारी गांव में पड़ताल की, जहां पासपोर्ट पर लगी तस्वीर के आधार पर ग्रामीणों ने आरोपी की पहचान कर ली। ग्राम प्रधान ने भी लिखित रूप से पुष्टि की कि आरोपी और तथाकथित “हरिकेश कुमार” एक ही व्यक्ति हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने निवास प्रमाण के तौर पर फर्जी निर्वाचन कार्ड का इस्तेमाल किया था। इसी आधार पर उसने पासपोर्ट हासिल किया। वर्तमान में आरोपी के बैंकॉक में होने की जानकारी मिली है, जबकि उसके घर पर ताला बंद पाया गया।

मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने चौकी प्रभारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और संभावित बिचौलियों की भी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

#संतकबीरनगर #फर्जीपासपोर्ट #क्राइमन्यूज #यूपीपुलिस #ब्रेकिंगन्यूज #विदेशभागा_आरोपी #जांचजारी

Comments