Top News

नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट के, 15 दिवसीय योग शिविर का समापन, 12 बच्चों को मिला 'योग रत्न' सम्मान

ऋषिकेश। नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट, ऋषिकेश द्वारा "कला से संस्कृतिकरण" के संकल्प के साथ आयोजित 15 दिवसीय योग शिविर का समापन समारोह सामुदायिक भवन, माया कुंड में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समापन अवसर पर योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 प्रतिभाशाली बच्चों को "योग रत्न" सम्मान से सम्मानित किया गया। इन बच्चों ने पूरे शिविर के दौरान अनुशासन, समर्पण और नियमित योगाभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर लक्ष्मी नारायण जोशी ने सम्मानित बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने बच्चों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योगाचार्य वीरेंद्र चौबे, जिन्होंने पूरे 15 दिनों तक बच्चों को प्रशिक्षण दिया, योगाचार्या करीना नेगी, डॉ. जी.पी.एस. कंसवाल तथा राजेंद्र गुप्ता को भी योग सेवा सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में ट्रस्ट की संस्थापक नीरजा गोयल, सह-संस्थापिका नूपुर गोयल, शिखा पाल, अंजना, लक्ष्मी, हरीश आनंद, पूर्व प्रधानाचार्य डी.पी.एस. रावत, रितु अग्रवाल, अनु सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सभी प्रशिक्षकों, अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और सांस्कृतिक जागरूकता से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया। समारोह का समापन सामूहिक योग संकल्प और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume