(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत थाना धनघटा पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना धनघटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रवि पुत्र शम्भू, निवासी ग्राम कुदरहा, थाना लालगंज, जनपद बस्ती को रामपुर चौराहा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी थाना धनघटा में दर्ज मु.अ.सं. 450/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 एवं 137(2) के तहत वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 26 जून 2026 को थाना धनघटा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
मामले की गंभीरता एवं महिला अपराध की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार राय एवं हेड कांस्टेबल इब्राहिम अली शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपद पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment