Top News

मिशन शक्ति 5.0 के तहत संतकबीरनगर में व्यापक जागरूकता अभियान, ग्राम चौपालों के माध्यम से महिलाओं को किया गया जागरूक


Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan 

संतकबीरनगर, 13 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जनपद संतकबीरनगर के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों एवं महिलाओं को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद स्थापित किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं गांवों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। इस दौरान महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपाय तथा कानूनी सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।


कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर क्राइम पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन और चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें थाना कोतवाली खलीलाबाद के नेहिया खटिक टोला, महिला थाना क्षेत्र के बघौली, थाना महुली के छितही, थाना धनघटा के लोहरैया एवं खाजों, थाना मेहंदावल के भितरी मोहल्ला तथा थाना धर्मसिंहवा के बौरव्यास, गहवा और मुसहरा गांवों में महिलाओं एवं बालिकाओं को एकत्रित कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


कार्यक्रमों में महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने चौपाल शैली में संवाद स्थापित करते हुए महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, आत्मरक्षा तकनीकों तथा सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या अन्याय की स्थिति में निडर होकर अपनी बात रखें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन की सहायता लें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume