Top News

ब्लूमिंग बड्स स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय


(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के अभियान के तहत शनिवार को थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ब्लूमिंग बड्स स्कूल, औद्योगिक क्षेत्र, खलीलाबाद में साइबर जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम अमित कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे और उनकी टीम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराध के नए-नए तरीकों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक, ई-मेल, लॉटरी ऑफर, क्यूआर कोड स्कैन, फेक क्रेडिट, वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी, पुलिस इम्पर्सनेशन (पुलिस अधिकारी बनकर धोखाधड़ी) तथा एपीके (APK) फाइल के माध्यम से किए जा रहे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर कॉन्फ्रेंस कॉल और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।


साइबर टीम ने लोगों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय व्यक्तिगत सूचनाएं किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करे, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर साइबर थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे, महिला मुख्य आरक्षी अमृता सिंह, कांस्टेबल राघवेन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल प्रतीची शुक्ला सहित साइबर थाने के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume