(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। संतकबीरनगर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल एवं जनपद पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 60 लाख रुपये मूल्य के 161 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि यह सफलता सीईआईआर (CEIR) पोर्टल, सीसीटीएनएस प्रणाली, आईएमईआई नंबर और सिम संबंधी तकनीकी विश्लेषण की मदद से मिली है। अभियान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सर्विलांस एवं यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा दिल्ली, लखनऊ, बेंगलुरु, मुंबई, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, आंध्र प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना सहित कई राज्यों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा रहे हैं।
मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने संतकबीरनगर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित और तकनीकी कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल के आईएमईआई नंबर को ब्लॉक कर उसे शीघ्र ट्रेस किया जा सके।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली सर्विलांस एवं पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है।



Post a Comment