Top News

संपत्ति कुर्की की बड़ी कार्रवाई से खुश, निवेश ठगी के पीड़ितों ने एसपी को किया सम्मानित



(Report- and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में संतकबीरनगर पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई का असर अब पीड़ितों के भरोसे में भी दिखाई देने लगा है। थाना महुली एवं साइबर क्राइम थाना पुलिस की विवेचना के दौरान लगभग ₹1 करोड़ मूल्य की संपत्ति कुर्क किए जाने के बाद निवेश ठगी के पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

पीड़ितों का कहना था कि लंबे समय तक न्याय की उम्मीद धुंधली नजर आ रही थी, लेकिन पुलिस द्वारा आरोपितों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई ने उन्हें यह विश्वास दिलाया है कि कानून के माध्यम से न्याय मिल सकता है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना एवं थाना महुली पुलिस की विवेचना और विधिक कार्रवाई की सराहना की।

गौरतलब है कि मंगलवार को पुलिस ने शेयर मार्केट निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपियों की लखनऊ स्थित लगभग ₹1 करोड़ मूल्य की संपत्ति को धारा 107 बीएनएसएस के तहत कुर्क कराया। इसे इस तरह के मामलों में जनपद संतकबीरनगर की पहली और सबसे बड़ी संपत्ति कुर्की की कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों पर निवेशकों से करोड़ों रुपये एकत्र कर उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने के बजाय अन्य माध्यमों में उपयोग करने तथा उससे अचल संपत्तियां खरीदने के आरोप हैं। मामले की विवेचना के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संपत्तियों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

पीड़ितों को न्याय का भरोसा बढ़ा

इस सम्मान समारोह का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह रहा कि वर्षों से अपनी जमा-पूंजी वापस पाने के लिए संघर्ष कर रहे पीड़ितों ने पुलिस कार्रवाई पर सार्वजनिक रूप से विश्वास व्यक्त किया। हालांकि, किसी भी आर्थिक अपराध के मामले में वास्तविक न्याय तभी पूर्ण माना जाएगा, जब दोषियों के विरुद्ध न्यायालय में मुकदमे का समयबद्ध निस्तारण हो, पीड़ितों को कानून के अनुरूप राहत मिले और यदि संभव हो तो उनकी धनराशि की वसूली की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किए जाएं।

यह कार्रवाई आर्थिक अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है और इससे यह संदेश भी जाता है कि निवेश के नाम पर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वालों के विरुद्ध केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर भी कानून का शिकंजा कस सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume