Top News

आखिर क्या है ‘बहू–बेटी सम्मेलन’, जिसकी तैयारी में जुटा प्रशासन और पुलिस?


  • मिशन शक्ति अभियान: संतकबीरनगर में ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ के ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan 

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए जनपद में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण गुरुवार को शुरू हुआ। पुलिस विभाग और यूनिसेफ के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, लैंगिक समानता और हिंसा की रोकथाम को लेकर ग्राम स्तर तक जागरूकता अभियान को सशक्त बनाना है।

पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण का पहला सत्र मेहंदावल थाना परिसर में संपन्न हुआ। इसमें मेहंदावल, बेलहरकलां और सांथा विकास खंडों से पुलिस, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के कुल 30 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी मेहंदावल सर्व दवन सिंह और प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने बहू–बेटी सम्मेलन को महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक सोच विकसित करने तथा हिंसा की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बहू–बेटी सम्मेलन की कार्यप्रणाली, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर उनकी जिम्मेदारियों तथा समुदाय के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के तरीकों की जानकारी दी गई। घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, लैंगिक समानता, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों और उपलब्ध सहायता सेवाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशिक्षण को व्यवहारिक बनाने के लिए समूह चर्चा, रोल प्ले, केस स्टडी और गतिविधि आधारित अभ्यास भी कराए गए।

यूनिसेफ के मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार राजेश कुमार सैनी ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षक अपने-अपने विकास खंडों में ग्राम स्तरीय सुगमकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के साथ छह सप्ताह तक छह विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मानजनक संबंध, लैंगिक समानता और हिंसा की रोकथाम पर सामुदायिक संवाद को बढ़ावा मिलेगा।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर के रूप में स्वीटी मंडल, मोनिका शुक्ला, सुमन मिश्रा, राजेश कुमार सिंह और प्रमोद त्रिपाठी ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और सभी ने अपने-अपने विकास खंडों में ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume