(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संत कबीर नगर । भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के अंतर्गत शनिवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से भूजल संरक्षण जन-जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल संवर्धन के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि जन-जन का अभियान है। यदि आज से ही जल संरक्षण के प्रभावी उपाय नहीं अपनाए गए तो भविष्य में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जल बचाने, वर्षा जल संचयन को अपनाने तथा जल संसाधनों के संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
डीएम ने कहा कि भूजल सप्ताह के दौरान जनपद भर में स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, विकासखंडों और नगर क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से तालाबों, नदियों और अन्य जलाशयों को स्वच्छ रखने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा भूजल के दुरुपयोग को रोकने का आह्वान करते हुए कहा कि "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई भी विकल्प।"
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह, सहायक अभियंता (लघु सिंचाई), वरिष्ठ हाइड्रोलॉजिस्ट, भूगर्भ जल विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment