Top News

आईजीआरएस शिकायतों पर सख्त हुए एसपी, लापरवाही पर दो पुलिसकर्मियों को मिली अनुशासनात्मक सजा





(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। जनशिकायतों के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सोमवार को जुलाई-2026 माह में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक की गहन समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में संबंधित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से नियमित संवाद स्थापित कर उसकी समस्या का वास्तविक समाधान किया जाना चाहिए, ताकि पुलिस के प्रति जनता का भरोसा और मजबूत हो सके।

समीक्षा के दौरान आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव और मुख्य आरक्षी दीपचंद के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें दंडस्वरूप दौड़ लगवाई गई। साथ ही भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।

यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि संतकबीरनगर पुलिस प्रशासन शिकायतों के निस्तारण को लेकर अब और अधिक जवाबदेह तथा संवेदनशील दृष्टिकोण अपना रहा है। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आईजीआरएस शिकायतों की नियमित समीक्षा और जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया से आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।

एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर करते हुए शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए, जिससे सुशासन और जनविश्वास की भावना को और मजबूती मिले।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume