Top News

प्रधानमंत्री ने युवाओं से किया संवाद, सीमावर्ती गांवों को बताया 'देश का प्रथम गांव'


  • विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026

(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत (MY Bharat) प्लेटफॉर्म के तहत आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवा प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रेरणादायी संवाद किया। जनपद संतकबीरनगर में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एनआईसी सभागार में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में युवा स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती गांवों को "देश का प्रथम गांव" बताते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास राष्ट्रीय सुरक्षा और समग्र प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

गौरतलब है कि माय भारत पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में देशभर के तीन लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया था। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 400 से अधिक प्रतिभागियों का चयन विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के लिए किया गया। इन युवाओं ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर स्थानीय परिवारों के साथ रहकर सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों में सहभागिता की।

प्रवास के दौरान प्रतिभागियों ने स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से जाना तथा स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता, युवा संवाद और स्थानीय कारीगरों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रमों में योगदान दिया। प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री को बताया कि दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी यूपीआई, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है।

संतकबीरनगर के प्रतिभागी देव प्रकाश ने पुणे से वर्चुअल माध्यम के जरिए प्रधानमंत्री के संवाद में हिस्सा लिया। वहीं एनआईसी सभागार में गौरी पांडेय, राधा शुक्ला, अजय कुमार, रविशंकर, राज प्रसून, विनोद सोनी सहित 22 युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एडीएम (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह ने युवाओं को माय भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से राष्ट्र सेवा के अवसरों की जानकारी देते हुए देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी, असिस्टेंट प्रोग्राम असिस्टेंट तथा एनआईसी के तकनीकी अधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।

Post a Comment

أحدث أقدم
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume