Top News

बहरुल उलूम अहले सुन्नत की प्रबंध समिति का चुनाव टला, अब इस तारीख़ को होगा मतदान


(रिपोर्ट मोहम्मद सईद पठान एडिटर मिशन संदेश)

संतकबीरनगर। खलीलाबाद स्थित बहरुल उलूम अहले सुन्नत संस्था की प्रबंध समिति के निर्वाचन को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। पहले यह चुनाव 6 अगस्त 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन निर्वाचन अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डॉ. प्रियंका अवस्थी द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मतदान 21 अगस्त 2026 को कराया जाएगा। इस संबंध में नई समय-सारिणी जारी करते हुए सभी पात्र एवं वैध सदस्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 21 अगस्त को सुबह 10 बजे से नामांकन के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद नामांकन दाखिल करने, जांच, नाम वापसी, वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित करने तथा चुनाव चिन्ह आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान अपराह्न 3 बजे से 4 बजे तक होगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना प्रारंभ होगी और मतगणना समाप्त होते ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सहायक रजिस्ट्रार, फर्म्स सोसायटीज एवं चिट्स, गोरखपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई वैध सदस्य सूची के आधार पर ही सदस्य चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। सभी सदस्यों को शपथ-पत्र तथा कम से कम दो वैध पहचान पत्रों के साथ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, संतकबीरनगर में निर्धारित समय पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

हालांकि चुनाव स्थगित किए जाने के पीछे "अपरिहार्य कारण" बताए गए हैं, लेकिन आदेश में इन कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में संस्था से जुड़े सदस्यों और आम लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर किन परिस्थितियों में पहले से घोषित निर्वाचन कार्यक्रम को बदलना पड़ा। पारदर्शिता की दृष्टि से प्रशासन यदि स्थगन के कारणों को सार्वजनिक करता है, तो इससे किसी भी प्रकार की आशंका या भ्रम की स्थिति समाप्त हो सकती है।

फिलहाल जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है, ताकि संस्था की नई प्रबंध समिति का गठन लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh