Top News

संतकबीरनगर में चित्रगुप्त पूजा पर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से भक्तिमय हुआ खलीलाबाद

रिपोर्ट -मोहम्मद सईद पठान चीफ एडिटर 

संतकबीरनगर। भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा एवं कलम-दवात पूजन के पावन अवसर पर बुधवार को खलीलाबाद में कायस्थ समाज की ओर से श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मड़िया स्थित काली मंदिर से विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुई शोभायात्रा विभिन्न चौराहों से होते हुए मेंहदावल बाइपास पहुंची। यहां श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

कार्यक्रम में खलीलाबाद सदर विधायक अंकुर राज तिवारी भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पदाधिकारियों एवं आयोजक मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, आपसी सद्भाव और पारंपरिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष शक्ति श्रीवास्तव ‘बाबुल’ ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज कायस्थ समाज के आराध्य देव हैं। प्रत्येक वर्ष चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर समाज के लोग पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर समाज के लोगों ने एकजुट होकर जनहित, सामाजिक सद्भाव और परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज से जनपद में शांति, खुशहाली और सभी के कल्याण की प्रार्थना की गई।

धार्मिक आयोजन में पवन श्रीवास्तव, डॉ. चित्रसेन श्रीवास्तव, डॉ. आलोक सिन्हा, विवेक कुमार श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, संत श्रीवास्तव, श्याम मोहन श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, विशंभर नाथ श्रीवास्तव, प्रसेन्न श्रीवास्तव, धीरज श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, सर्वेश श्रीवास्तव, अत्रेश श्रीवास्तव, नमन श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, रतन श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव और राजेंद्र श्रीवास्तव सहित कायस्थ समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संगम के रूप में आयोजित इस शोभायात्रा ने समाज की सामूहिक सहभागिता और एकजुटता का संदेश दिया।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh