https://youtu.be/RhJgSYlHamY?si=NgrZNfMqoEicayy-
(Report and edit by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए जिला बदर घोषित एक शातिर अभियुक्त को बैंड-बाजे के साथ जनपद की सीमा से बाहर कर दिया। इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों में पुलिस का स्पष्ट संदेश पहुंचाना बताया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में थाना महुली पुलिस ने जिला बदर आदेश का प्रभावी अनुपालन कराया। कार्रवाई के तहत मुकेश यादव पुत्र रंगीलाल यादव, निवासी ग्राम भैंसही उर्फ भईसैया, थाना महुली को जिलाधिकारी द्वारा पारित जिला बदर आदेश के अनुसार बैंड-बाजे के साथ जनपद संतकबीरनगर की सीमा से बाहर किया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी धनघटा, थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने पूरे अभियान को शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराया।
छह माह तक जनपद में प्रवेश पर रोक
जिला बदर आदेश के तहत अभियुक्त को अगले छह माह तक संतकबीरनगर जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि के दौरान वह जनपद की सीमा में प्रवेश करता पाया गया तो उसके विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपराधियों को कड़ा संदेश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने तथा असामाजिक एवं अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में की गई है। संतकबीरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

إرسال تعليق