(News Edit By-Mohammad Sayeed Pathan)
लखनऊ, 04 जुलाई 2026। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में आयोजित आम महोत्सव-2026 के दूसरे दिन बच्चों के लिए आयोजित आम खाने की प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। योगी सरकार की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 8 से 12 वर्ष आयु वर्ग के 27 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आम का स्वाद लेने के साथ प्रतिस्पर्धा का भी आनंद उठाया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को दो-दो किलोग्राम आम उपलब्ध कराए गए। निर्धारित समय में अधिकतम मात्रा में आम खाने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों की उत्सुकता, अभिभावकों का उत्साह और दर्शकों की तालियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। विजेताओं को महोत्सव के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
अंतिम दिन होगा तकनीकी सत्र और पुरस्कार वितरण
महोत्सव के अंतिम दिन 5 जुलाई को खाद्य प्रसंस्करण विषय पर एक विशेष तकनीकी सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ आम आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन की आधुनिक तकनीकों पर जानकारी देंगे। इस सत्र का उद्देश्य किसानों, उद्यमियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को नई संभावनाओं से अवगत कराना है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे समापन समारोह की अध्यक्षता
आम महोत्सव-2026 का भव्य समापन रविवार शाम 4 बजे होगा। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह भी उपस्थित रहेंगे। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आम उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की पहल
आम महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि प्रदेश के आम उत्पादकों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास भी है। प्रदर्शनी के माध्यम से आम की विभिन्न किस्मों, उनके प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। बच्चों की प्रतियोगिताओं से लेकर तकनीकी सत्रों तक, महोत्सव का उद्देश्य आम को कृषि, उद्योग और जनभागीदारी से जोड़ते हुए व्यापक पहचान दिलाना है।
(News Source -News of India)

إرسال تعليق