(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह ने थाना बखिरा परिसर में सर्किल मेहदावल के विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित कर लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में थाना मेहदावल, बखिरा, बेलहरकला और धर्मसिंहवा के थाना प्रभारी तथा समस्त विवेचक मौजूद रहे।
अर्दली रूम के दौरान क्षेत्राधिकारी ने लंबे समय से लंबित विवेचनाओं के कारणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए बिना ठोस वजह के मामलों को लंबित रखने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विवेचनाओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनशिकायतों की त्वरित जांच कर विधिक कार्रवाई समय पर पूरी करने और क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में विवेचकों को भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता से बचने की चेतावनी दी गई। वहीं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें और प्रत्येक विवेचना की प्रगति पर सतत निगरानी रखें।
इसके अतिरिक्त प्रिवेंटिव कार्रवाई, ई-समन, ई-साक्ष्य, एसआईडी क्रिएशन, आई-रेड, फॉर्म-54, साइबर अपराधों में कार्रवाई की गति बढ़ाने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी, अनवर्कआउट मामलों के शीघ्र अनावरण, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी तथा यक्ष एप पर अपराधियों के सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
क्षेत्राधिकारी ने महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनुशासित रहते हुए आमजन के साथ सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की भी नसीहत दी। बैठक में सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment