Top News

संतकबीरनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे,


  • सामाजिक समरसता व महिला सशक्तिकरण का दिया गया संदेश

(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित ओम रिजॉर्ट एंड मैरिज लॉन, धनघटा रोड पर 51 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम प्रशासन की देखरेख में आयोजित हुआ, जिसमें नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देने के साथ लैंगिक समानता की शपथ भी दिलाई गई।

जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड खलीलाबाद के 48 तथा नगर पालिका खलीलाबाद के 3 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें एक अल्पसंख्यक समुदाय का जोड़ा भी शामिल रहा। प्रशासन का कहना है कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देने के साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।


कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और सफल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिससे आर्थिक बोझ कम होने के साथ सम्मानजनक तरीके से विवाह संपन्न हो पा रहे हैं। उन्होंने वर-वधू पक्ष तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार भी व्यक्त किया।

हालांकि, ऐसे आयोजनों के बीच यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि विवाह के बाद मिलने वाले अनुदान, उपहार सामग्री और अन्य लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों तक पहुंच रहे हैं या नहीं। साथ ही, पात्र लाभार्थियों के चयन और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की सतत निगरानी भी आवश्यक है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को ही इसका लाभ मिल सके और योजना अपने मूल उद्देश्य को पूरी तरह साकार कर सके।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume