संतकबीरनगर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेयजल योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल निगम ग्रामीण के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं ने विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने विस्तृत समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में संचालित 461 पेयजल योजनाओं के तहत प्रस्तावित 492 ट्यूबवेलों में से 485 की बोरिंग पूरी हो चुकी है। वर्तमान में 802 राजस्व ग्रामों में ओवरहेड टैंक एवं डायरेक्ट पंपिंग के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है, जबकि 863 राजस्व ग्रामों में सड़क पुनर्स्थापन (रोड रेस्टोरेशन) का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा 95 पेयजल योजनाएं पूर्ण होकर अनुरक्षण (मेंटेनेंस) चरण में पहुंच चुकी हैं।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि जुलाई माह तक 44 एकल ग्राम एवं बहु ग्राम पेयजल योजनाओं (SVS एवं MVS) को हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में परसामाफी पेयजल योजना के बाधित होने का मामला भी सामने आया। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क चौड़ीकरण के दौरान मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति प्रभावित हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने तथा व्यय की धनराशि के लिए पीडब्ल्यूडी से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जिन योजनाओं में भूमि विवाद या पहुंच मार्ग की समस्या है, उनका समाधान उपजिलाधिकारियों के सहयोग से शीघ्र कराया जाए। साथ ही सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण और गुणवत्ता की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता महेन्द्र राम, सहायक अभियंता चन्द्रशेखर यादव, विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


إرسال تعليق