संतकबीरनगर। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को जनपद की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कर्बला स्थलों, ताजिया जुलूस मार्गों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम के दौरान जिले में शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने आयोजकों, ताजिया समितियों एवं धर्मगुरुओं के साथ समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों से भी संवाद किया। उन्होंने सभी से परंपरागत तरीके से मुहर्रम मनाने, आपसी भाईचारा एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी निगरानी, गश्त और अन्य सुरक्षा उपायों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी, ताकि जनपद में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

إرسال تعليق