Top News

कांवड़ यात्रा को लेकर महुली पुलिस एलर्ट: डीजे संचालकों के साथ बैठक कर नियमों के उल्लंघन पर सख्त कारवाही की चेतावनी


(Edited by Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना महुली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर थाना महुली परिसर में क्षेत्र के डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में थाना प्रभारी ने सभी डीजे संचालकों को रेड कार्ड नोटिस वितरित किए और स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों का हर हाल में पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई, चौड़ाई और ध्वनि स्तर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखा जाए।

पुलिस ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार के अश्लील, भड़काऊ या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत, नारे अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा डीजे वाहनों पर ओवरलोडिंग, खतरनाक स्टंट और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। डीजे संचालकों से कहा गया कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा विद्युत तारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने के लिए भी कहा गया।

थाना महुली पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का पर्व है। इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति या डीजे संचालक शासन द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करता है अथवा शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में सभी डीजे संचालकों ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने तथा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

महुली पुलिस की अपील:
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना बनाए रखें। शासन-प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Post a Comment

أحدث أقدم
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume