Top News

वन महोत्सव सप्ताह: डीएम ने महामाया पॉलिटेक्टिक का किया निरीक्षण, किया पौधरोपण, दिए ये आवश्यक निर्देश

 


(Edited by Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर । वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत संचालित "पेड़ लगाओ- पेड़ बचाओ" अभियान को गति देते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने गुरुवार को बघौली विकास खंड के बलूशासन स्थित महामाया पॉलिटेक्निक एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटीआई) परिसर में पौधरोपण कर जनपद स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, ओएसडी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं संस्थान के शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पौधरोपण के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ाने से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन मिल सकेगा।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने महामाया पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई संस्थान का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं, छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, शौचालयों, पेयजल व्यवस्था, छात्रावास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान के प्रधानाचार्य से छात्र-छात्राओं की संख्या, शिक्षकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण व्यवस्था, भोजनालय तथा संस्थान में संचालित विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष बल देते हुए कहा कि संस्थान में अनुशासन, स्वच्छता और प्रशिक्षण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थान की सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित रहें तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने परिसर की नियमित साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था के रखरखाव और पौधरोपण किए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

प्रशासन का कहना है कि वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों में हरित चेतना का भी विस्तार हो सके।

Post a Comment

أحدث أقدم
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume