Top News

UPTET-2026: दूसरे दिन डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा पर दिया जोर


(Report and edit by-Mohammad Sayeed Pathan) 

संतकबीरनगर, 03 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के दूसरे दिन जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पूरी शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने संत कबीर आचार्य राम विलास इंटर कॉलेज, मगहर पहुंचकर परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया तथा परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त करते हुए शासन के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को भी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनपद के सभी 07 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है। प्रशासन द्वारा परीक्षा की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवधानरहित बनी रहे।


Post a Comment

أحدث أقدم
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume