हीरालाल रामनिवास पीजी कॉलेज में लगेगा मेला, हाईस्कूल से स्नातक और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग
रिपोर्ट मोहम्मद सईद पठान एडिटर मिशन संदेश
संतकबीरनगर। जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से मंगलवार, 3 नवंबर को हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित इस मेले में 50 निजी कंपनियां एक हजार से अधिक रिक्तियों के साथ प्रतिभाग करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार, रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई अथवा कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया हो। इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक प्रमाणपत्रों की प्रतियां, दो फोटो और बायोडाटा लेकर पहुंचना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभागियों को किसी प्रकार का मार्ग व्यय नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
रोजगार मेले की सफलता पर रहेगी नजर
50 कंपनियों और एक हजार से अधिक रिक्तियों की उपलब्धता युवाओं के लिए अवसर जरूर है, लेकिन वास्तविक सफलता इस बात से तय होगी कि कितने अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप स्थायी एवं उचित वेतन वाला रोजगार मिल पाता है। युवाओं को भी आवेदन से पहले पद, कार्यस्थल, वेतन और सेवा की शर्तों की जानकारी अवश्य कर लेनी चाहिए।

Post a Comment