(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामलों का संवेदनशीलता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले में पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने दोहराया कि संतकबीरनगर पुलिस बेहतर पुलिसिंग, सुशासन और आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई व्यवस्था के माध्यम से लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Post a Comment