Top News

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना का शुभारंभ, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी से ₹1200 की सहायता


(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर, 8 जुलाई। प्रदेश के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं शिक्षण कार्मिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतीकात्मक कार्ड वितरित कर शिक्षकों एवं शिक्षण कार्मिकों को सम्मानित किया। साथ ही प्रदेश के 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र ₹1200 की धनराशि हस्तांतरित की तथा 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कार्मिकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू का निष्पादन भी किया।


मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से नए शैक्षणिक सत्र में प्रत्येक बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा बच्चों में संस्कार एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा पर किया गया निवेश कभी व्यर्थ नहीं जाता। ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत अभियान और प्रोजेक्ट अलंकार जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना मजबूत शिक्षा व्यवस्था के बिना साकार नहीं हो सकता और अभिभावकों को भी डीबीटी के तहत मिलने वाली धनराशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा पर ही करना चाहिए।

संत कबीर ऑडिटोरियम में हुआ सीधा प्रसारण

वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संत कबीर ऑडिटोरियम, मगहर में आयोजित समारोह में देखा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं रसोइयों को योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित कर सम्मानित किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान कंपोजिट विद्यालय खलीलाबाद एवं कंपोजिट विद्यालय बकहा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की आकर्षक प्रस्तुति दी।





शिक्षकों के सम्मान का ऐतिहासिक निर्णय : बैजनाथ रावत

मुख्य अतिथि बैजनाथ रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू कर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लाखों शिक्षकों, संविदा कार्मिकों एवं रसोइयों के स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और उनके सम्मान व सुरक्षा के लिए सरकार की यह पहल सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि यह विशेष संयोग है कि योजना का शुभारंभ काशी से हुआ और उन्हें संत कबीर की निर्वाण स्थली मगहर में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनने का अवसर मिला। उन्होंने शिक्षकों से अपने आचरण एवं कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवसाय नहीं बल्कि समाज निर्माण का मिशन है। उन्होंने कहा कि एक अच्छा शिक्षक ही श्रेष्ठ नागरिक तैयार करता है और शिक्षकों का समर्पण ही राष्ट्र की वास्तविक पूंजी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।




कार्यक्रम का संचालन शिक्षक इंद्रेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक, अनुदेशक, रसोइये एवं बड़ी संख्या में शिक्षण कार्मिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने निरीक्षण गृह में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना, विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से दी गई सहायता, शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume