(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। बेलहरकला पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, घरेलू सामान, एंड्रॉयड मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घरों और विद्यालयों की रेकी कर सुनसान स्थानों को निशाना बनाते थे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत बेलहरकला पुलिस, सर्विलांस सेल और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार को झमरहिया पोखरा, नगर पंचायत बेलहरकला से दिलवर निषाद और अमन को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले से दर्ज मामलों में बीएनएस की धारा 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/25 और 4/25 की बढ़ोतरी की गई है।
तीन वारदातों का किया खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कोतवाली खलीलाबाद, बखिरा और बेलहरकला थाना क्षेत्रों में हुई तीन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पहली घटना में कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के उसका खुर्द निवासी मनीष उपाध्याय के घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी किए गए थे।
दूसरी घटना में बखिरा थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय जीवधरा में कार्यालय और रसोईघर के ताले तोड़कर खेल सामग्री, गैस सिलेंडर, साउंड सिस्टम, अभिलेख तथा खाद्यान्न चोरी कर लिया गया था।
तीसरी घटना बेलहरकला कस्बे में रमेश चंद्र राय के घर हुई, जहां चोरों ने रात में घर में घुसकर जेवरात, बर्तन, नकदी और राशन पर हाथ साफ किया था।
रेकी कर बंद मकानों और संस्थानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय ऐसे मकानों, विद्यालयों और संस्थानों की रेकी करते थे, जहां लोगों की आवाजाही कम होती थी या भवन बंद रहते थे। मौका मिलते ही ताला तोड़कर अंदर घुसते और नकदी, जेवरात, मोबाइल, बर्तन तथा अन्य सामान चोरी कर लेते थे। बाद में चोरी का सामान आपस में बांट लेते या बेचकर खर्च चलाते थे।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पायल, दो सोने की अंगूठियां, लोटा, थाल, एक बोरी गेहूं, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक नाजायज चाकू तथा 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एक आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलवर निषाद पर एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी अमन के विरुद्ध भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में बेलहरकला पुलिस, सर्विलांस सेल और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment