ऋषिकेश। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश की ओर से समाजसेवा और दिव्यांगजनों के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली डॉ. नीरजा गोयल को “प्राइड ऑफ द सिटी अवॉर्ड–शहर का गौरव” से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. गोयल ने इसे अपने लिए बेहद भावुक, गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण बताया।
समारोह में नगर निगम की ओर से उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। डॉ. नीरजा गोयल अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी होने के साथ-साथ नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक भी हैं। वह दिव्यांग खिलाड़ियों, बच्चों, जरूरतमंदों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लगातार सामाजिक एवं सेवा कार्यों से जुड़ी रही हैं।
सम्मान मिलने के बाद डॉ. नीरजा गोयल ने कहा कि 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर मिला यह सम्मान उनके लिए केवल एक प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, सेवा और समाज के प्रति समर्पण की स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि उनकी मेहनत और सेवा का संदेश स्वयं ईश्वर तक पहुंच रहा है। स्वतंत्रता दिवस जैसे पावन अवसर पर शहर के गौरव के रूप में सम्मानित होना उनके लिए इससे बड़ा गर्व का विषय नहीं हो सकता।
उन्होंने सम्मान के लिए महापौर शंभू पासवान, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल सहित नगर निगम के अधिकारियों और पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके सामाजिक दायित्व को और मजबूत करता है तथा भविष्य में उन्हें और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
डॉ. गोयल ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि दिव्यांग खिलाड़ियों और बच्चों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सेवा कार्य लगातार जारी रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी उपलब्धि का वास्तविक महत्व तब बढ़ जाता है, जब उसका लाभ समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचे।
स्वतंत्रता दिवस पर मिले इस सम्मान को डॉ. नीरजा गोयल ने अपने जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक बताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत गौरव के साथ-साथ समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों की याद भी है। उन्होंने सम्मान के लिए नगर निगम प्रशासन और सभी शुभचिंतकों का हृदय से आभार जताया।

Post a Comment