(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। खलीलाबाद तहसील में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना भी मौजूद रहे। पूरे जनपद में कुल 224 प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 34 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
खलीलाबाद तहसील में सर्वाधिक 107 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 18 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि 11 प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम गठित की गई। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ भेजा गया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बने, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत में मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई करें और पीड़ित पक्ष को समयबद्ध न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
धनघटा तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने 75 शिकायतों की सुनवाई की, जिनमें 10 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं मेंहदावल तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने 42 प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई करते हुए 6 मामलों का तत्काल समाधान कराया, जबकि चार मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन ने एक बार फिर अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों से संबंधित लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम के दौरान संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



Post a Comment