शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों से वार्ताकारों ने की बातचीत, जानें 2 बजे से शाम 5:20 तक की बातचीत की पूरी अपडेट्स कल भी....
सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए वार्ताकार वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े और वरिष्ठ वकील साधना रामचंद्रन बुधवार को शाहीन बाग पहुंचे और इन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। वार्ताकारों ने बातचीत से पहले वहां मौजूद मीडिया को हटाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हम बात करके इसके बारे में मीडिया को जानकारी देंगे।
वार्ताकारों और प्रदर्शनाकारियों के बीच पहले दिन की बातचीत खत्म हो गई है और साधना रामचंद्रन ने कहा कि यह बातचीत एक दिन में खत्म नहीं हो सकती है। प्रदर्शनकारी भी चाहते हैं कि हम कल फिर आएं इसलिए हम कल फिर आएंगे।
विज्ञापन
लाइव अपडेट
05:21 PM, 19-FEB-2020
कल फिर से होगी बातचीतः साधना रामचंद्रन
प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद बाहर आईँ साधना रामचंद्रन ने कहा कि हम उनसे मिले और उनसे बातचीत की। एक दिन में बातचीत पूरी नहीं हो सकती इसलिए हमने उनसे पूछा कि क्या वो कल भी हमसे बातचीत के लिए तैयार हैं? उन्होंने सहमती जताई इसलिए हम कल दोबारा आएंगे।
बातचीत कर बाहर निकले संजय हेगड़े
शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर बाहर निकले वार्ताकार संजय हेगड़े। वार्ताकारों और प्रदर्शनकारियों की बातचीत मीडिया की गैरमौजूदगी में हुई।
04:05 PM, 19-FEB-2020
कुछ देर में पहुंचेंगे वजाहत हबीबुल्लाह
शाहीन बाग में फिलहाल साधना रामचंद्रन और संजय हेगड़े मौजूद हैं। थोड़ी ही देर में सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त वार्ताकार वजाहत हबीबुल्लाह भी वहां पहुंचने वाले हैं।
03:45 PM, 19-FEB-2020
शाहीन बाग में भारी भीड़
शाहीन बाग में वार्ताकारों के पहुंचने के बाद से ही लोगों की भारी भीड़ जुट गई है।
03:43 PM, 19-FEB-2020
मीडिया को हटाने के लिए प्रदर्शनकारी राजी
वार्ताकार लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की कोशिश में लगे हुए हैं। प्रदर्शनकारी मीडिया को हटाने के लिए राजी हो गए हैं। प्रदर्शन स्थल से फिलहाल मीडिया को हटा दिया गया है।
03:36 PM, 19-FEB-2020
हम अकेले में बात नहीं करेंगे: प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे वार्ताकारों से अकेले में बात नहीं करेंगे। उनका कहना है कि हम मीडिया वालों के सामने और सबके सामने आपसे बातचीत करेंगे। यह केवल शाहीन बाग का नहीं, बल्कि पूरे देश का आंदोलन है।
हम यहां कोई फैसला सुनाने नहीं आए हैं: वार्ताकार साधना
वार्ताकार साधना रामचंद्रन ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि हम यहां कोई फैसला सुनाने नहीं आए हैं, लेकिन मीडिया वालों के सामने बातचीत नहीं होगी। वे चले जाएं उसके बाद हम बात करेंगे और मीडिया को पूरी जानकारी दे देंगे।
मीडिया को बाहर करने पर प्रदर्शनकारियों की प्रतिक्रिया
मीडिया से बाहर जाने की अपील के बाद वहां उपस्थित लोगों के बीच से आवाज आ रही है कि जब लोग वीडियो बना रहे हैं तो मीडिया को क्यों दूर रखा जा रहा है।
03:21 PM, 19-FEB-2020
वार्ताकार बिना मीडिया के करना चाहते हैं बात
वार्ताकार साधना रामचंद्रन ने कहा कि मीडिया हमारे समाज का हिस्सा है, लेकिन हम बिना मीडिया के आप से बात करना चाहते हैं और बाद में उन्हें सभी बातें बता देंगे।
03:20 PM, 19-FEB-2020
प्रदर्शनकारियों को साधना रामचंद्रन का आश्वासन
हमें सुप्रीम कोर्ट ने भेजा है कि हम आपका पक्ष रख सकें। हम आप सबकी सुनना चाहते हैं और हम आप सबकी बात सुनेंगे। हमारा जो देश है हिंदुस्तान वह ऐसा है जहां हर किसी की बात सुनी जाती है। हम ऐसा हल निकालेंगे कि न सिर्फ हिंदुस्तान के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए वो एक मिसाल बन जाए।
03:18 PM, 19-FEB-2020
'हक वहीं तक होना चाहिए जहां तक दूसरे का हक प्रभावित न हो'
उन्होंने कहा कि आंदोलन का हक बरकरार रहना चाहिए, लेकिन हम सब की तरह और भी नागरिक हैं जिनके हक हैं। जिनकी दुकान है उनका हक है दुकान तक पहुंचना। हक वहीं तक होना चाहिए जहां तक दूसरे का हक प्रभावित न हो।
03:15 PM, 19-FEB-2020
साधना रामचंद्रन ने प्रदर्शनकारियों से की बात
साधना रामचंद्रन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आंदोलन करने का आपका हक है। इस पर सुनवाई होगी, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि आपका आंदोलन करने का हक छिन जाए।
03:13 PM, 19-FEB-2020
हेगड़े ने पढ़ा सुप्रीम कोर्ट का आदेश
संजय हेगड़े ने प्रदर्शनकारियों को सुप्रीम कोर्ट का आदेश पढ़कर समझाया। उनके बाद साधना रामचंद्रन ने प्रदर्शनकारियों को संक्षिप्त में उस आदेश के बारे में बताया।
03:05 PM, 19-FEB-2020
हम सबको सुनने आए हैं: संजय हेगड़े
शाहीन बाग पहुंचकर मंच से लोगों को संबोधित करते हुए संजय हेगड़े ने कहा कि हम सबको सुनने आए हैं। एक-एक कर बात रखेंगे तो सबकी बात सुन पाएंगे। एक साथ बोलने पर किसी की बात समझ नहीं आएगी।
02:54 PM, 19-FEB-2020
शाहीन बाग: प्रदर्शनकारियों और वार्ताकारों के बीच कल भी जारी रहेगी बातचीत
सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए वार्ताकर बुधवार को शाहीन बाग पहुंचे। पैनल में शामिल वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन ने एक सर्वमान्य हल के विभिन्न विकल्पों पर विचार किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे बातचीत तो करेंगे, लेकिन नागरिकता संशोधन कानून वापस लिए जाने से पहले धरना समाप्त नहीं करेंगे। हालांकि खबर है कि दोनों पक्षों में एक तरफ का रास्ता खोलने पर सहमति बन सकती है। इसके लिए शुरू से ही प्रदर्शनकारियों और वार्ताकारों के बीच तालमेल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source amarujala
Comments
Post a Comment