संत कबीर नगर । जिले के नागरिकों को आधार कार्ड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए अब अलग-अलग केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संत कबीर नगर में UIDAI आधार सेवा केंद्र का संचालन शुरू कर दिया गया है, जहां आधार नामांकन, अपडेट से लेकर प्रिंट और बायोमैट्रिक संशोधन तक की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आधार सेवा केंद्र के प्रबंधक महेंद्र यादव ने बताया कि केंद्र बड़गो (खटौली), मेंहदावल रोड, जिला अस्पताल के पास, खलीलाबाद, संत कबीर नगर में संचालित है। यहां सभी आयु वर्ग के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नाम, पता और जन्मतिथि में सुधार की सुविधा
केंद्र पर आधार नामांकन एवं अद्यतन के साथ-साथ बायोमैट्रिक अपडेट, नाम, जन्मतिथि, लिंग और पता आदि में संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा आधार प्रिंट सहित आधार से संबंधित अन्य निर्धारित सेवाओं का लाभ भी नागरिक उठा सकते हैं।
प्रबंधक के अनुसार, केंद्र की प्रतिदिन 300 से अधिक नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने की क्षमता है। केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित किया जा रहा है, जिससे लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी कार्य कराने का अवसर मिल सके।
मांग पर लगाए जाएंगे आधार कैंप
आधार सेवा केंद्र की ओर से जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर आधार नामांकन एवं अद्यतन के लिए कैंप भी लगाए जाते हैं। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के निवासियों या संस्थाओं की ओर से अनुरोध प्राप्त होने पर कैंप आयोजित किए जा सकते हैं।
जिले में आधार सेवा केंद्र के संचालन से उन नागरिकों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें आधार में मामूली संशोधन या बायोमैट्रिक अपडेट जैसे कार्यों के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर जाना पड़ता था। एक ही केंद्र पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होने से आधार संबंधी कार्यों के लिए लोगों की परेशानी और समय दोनों कम हो सकते हैं।

Post a Comment