(By- Mohammad Sayeed Pathan Editor Mission Sandesh)
खलीलाबाद। विधायक अंकुर राज तिवारी के जन्मदिवस के अवसर पर कृष्णा मैरिज हॉल में आयोजित आत्मीय मिलन एवं आशीर्वाद समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों की सहभागिता रही।
समारोह के बाद विधायक अंकुर राज तिवारी ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन्मदिवस पर मिला लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की उपस्थिति ने इस अवसर को उनके लिए यादगार बना दिया।
विधायक ने विशेष रूप से महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि माताओं और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उनके लिए अमूल्य है। उन्होंने कहा कि लोगों का दूर-दूर से अपना समय निकालकर समारोह में पहुंचना उनके प्रति विश्वास और अपनत्व को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जन्मदिवस पर मिले उपहारों से कहीं अधिक उनके लिए लोगों का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद मूल्यवान है। “आपका स्नेह मेरे लिए शक्ति है, आपका विश्वास मेरी जिम्मेदारी है और आपका आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।”
अंकुर राज तिवारी ने कहा कि वह जनसेवा के मार्ग पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ने तथा क्षेत्रवासियों के सुख-दुःख में उनके साथ खड़े रहने का प्रयास करेंगे। उन्होंने समारोह में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
कृष्णा मैरिज हॉल में आयोजित यह समारोह जन्मदिवस कार्यक्रम के साथ-साथ क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों के बीच जनप्रतिनिधि के साथ संवाद और आत्मीय मिलन का अवसर भी बना।

Post a Comment