Top News

शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों के विरोध में अचानक आये 150 लोग,बढ़ाई गई पुलिस सुरक्षा


शाहीन बाग की सुरक्षा बढ़ाई गई, पुलिस तैनात प्रदर्शनकारियों का विरोध कर रहे लोग कालिंदी कुंज सड़क खुलवाने की मांग
शाहीन बाग में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. शाहीन बाग में दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाली सड़क पर CAA के खिलाफ लगभग 50 दिनों से प्रदर्शन चल रहा है. आज यहां पर कई हिन्दू संगठनों को प्रदर्शन करना था. लेकिन पुलिस ने इजाजत नहीं दी थी, इसके बाद इन्होंने अपना प्रदर्शन रद्द कर दिया था.


दूसरी तरफ आज सुबह 11.30 बजे अचानक 20 से 25 लोग आ गए और शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों के खिलाफ धरने पर बैठ गए. ये लोग नोएडा-कालिंदी कुंज सड़क को खोलने की मांग कर रहे थे. इन लोगों ने आजतक से कहा कि वे किसी संगठन से नहीं जुड़े हैं और आस-पास के लोग हैं. आजतक से प्रदर्शन कर रहे एक शख्स ने कहा है कि वो ऑटो चलाता है और इस जाम की वजह से अपनी किश्त नहीं दे पा रहा है.


अचानक आए 150 प्रदर्शनकारी


पुलिस इन लोगों को समझा ही रही थी कि अचानक शाहीन बाग के सामने की झुग्गियों से 100 से 150 लोग वहां पर आ गए और सड़क खुलवाने की मांग करने लगे. पुलिस के मुताबिक यहां पर भीड़ बढ़ती गई और कुछ ही देर में महिलाएं भी आ गई. पुलिस इन लोगों को समझाने की कोशिश करती रही लेकिन ये नहीं माने. ये लोग सड़क पर बैठ गए और शाहीन बाग खाली करो के नारे लगाने लगे.


इनमें से कुछ लोगों ने वंदे मातरम और देश के गद्दारों को...गोली मारो...जैसे नारे लगाए. पुलिस के कहने पर जब ये लोग नहीं माने तो इन्हें बसों में भरकर ले जाया जाने लगा. हालांकि, अभी भी कई लोग वहीं पर मौजूद हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं.



 इस दौरान यहां सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है. बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं. हालात को देखते हुए यहां पर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती भी की गई है. पुलिस आस-पास मौजूद लोगों पर सख्ती और चौकसी से निगाह रखे हुए है. बता दें कि शनिवार को शाहीन बाग के पास ही एक युवक ने हवाई फायरिंग की थी.




किसी को प्रदर्शन की इजाजत नहीं


दिल्ली के दक्षिणी-पूर्वी जिले के डीसीपी चिन्मय विश्वाल ने कहा कि कहा कि शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन के खिलाप किसी को भी किसी तरह के धरने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई थी, फिर भी कुछ लोग यहां पर आ गए. पुलिस ने उन्हें हटा दिया है.


Source aajtak


Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh